
आज की तेज़ रफ्तार ज़िंदगी में हमारा खान-पान, काम करने का तरीका और नींद का पैटर्न पूरी तरह बदल चुका है इसीलिए ये बदलाव हमारी सेहत पर सीधा असर डाल रहे हैं। जिन बीमारियों को पहले बुढ़ापे की बीमारी कहा जाता था वो अब युवाओं में ही देखने को मिल रहा है और इन्हें ही आधुनिक जीवनशैली बीमारियां (Modern Lifestyle Diseases) कहा जाता है।
आधुनिक जीवनशैली बीमारियां वे बीमारियाँ हैं जो मुख्य रूप से हमारी रोज़मर्रा की आदतों और जीवनशैली से जुड़ी होती हैं। इनका सबसे बड़ा कारण है असंतुलित आहार (जंक फूड, ज्यादा मीठा/तेल), शारीरिक गतिविधि की कमी (sedentary lifestyle), तनाव (stress), नींद की कमी और धूम्रपान, शराब जैसी आदतें।
प्रमुख जीवनशैली बीमारियाँ
डायबिटीज़ (मधुमेह): इसका कारण है ज़्यादा मीठा, मोटापा, तनाव और आनुवंशिक और इसके लक्षण बार-बार पेशाब आना, थकान, अधिक प्यास लगना, वजन घटाना।
हाई ब्लड प्रेशर (हाइपरटेंशन): मुख्य कारण: नमक की अधिक मात्रा, मोटापा, तनाव, नींद की कमी इसके मुख्य कारण हैं। इससे दिल का दौरा अथवा स्ट्रोक आने का खतरा होता है।
मोटापा (Obesity): फास्ट फूड, बैठे-बैठे काम, व्यायाम की कमी जैसे कारण होते हैं जिससे डायबिटीज़, हार्ट डिज़ीज़ और जोड़ों का दर्द जैसे खतरे होते हैं।
हार्ट डिज़ीज़ (हृदय रोग): रक्त चाप का ज़्यादा होना, खराब खान-पान, कोलेस्ट्रॉल बढ़ना इन सब वजहों से हृदय रोग का खतरा बढ़ता है। इसके लक्षणों की बात करें तो सीने में दर्द, सांस फूलना और थकान जैसे लक्षण होते हैं।
कैंसर (Cancer): फेफड़े का कैंसर (smoking), लिवर कैंसर (alcohol), स्किन कैंसर (अत्यधिक धूप) ये सब जीवनशैली से जुड़े कैंसर होते हैं।
मानसिक स्वास्थ्य समस्याएँ (Mental Health Issues): इसका कारण है लगातार तनाव, नींद की कमी, सोशल मीडिया का दबाव जिससे डिप्रेशन, एंग्जायटी, बर्नआउट जैसी चीजें महसूस होती हैं।
ये बीमारियां क्यों बढ़ रही हैं?
टेक्नोलॉजी पर बढ़ती निर्भरता: आज अधिकांश लोग घंटों कंप्यूटर, लैपटॉप और स्मार्टफोन के सामने बैठकर काम करते हैं। ऑनलाइन मनोरंजन, सोशल मीडिया और वर्क फ्रॉम होम जैसी चीजों ने शारीरिक गतिविधि को काफी कम कर दिया है। पहले जहां लोग पैदल चलने, खेलकूद या अन्य शारीरिक कार्यों में समय बिताते थे, वहीं अब अधिकतर समय स्क्रीन के सामने बीतता है। इस कारण मोटापा, डायबिटीज़ और हृदय रोग जैसी समस्याओं का खतरा बढ़ रहा है।
काम का बढ़ता दबाव और तनाव: प्रतिस्पर्धा भरे माहौल में बेहतर प्रदर्शन करने का दबाव लगातार बढ़ रहा है। लंबे कार्य घंटे, नौकरी की असुरक्षा, आर्थिक चिंताएं और लक्ष्य पूरा करने की दौड़ लोगों को मानसिक तनाव की ओर धकेल रही हैं। लगातार तनाव रहने पर शरीर में हार्मोनल असंतुलन हो सकता है, जिससे हाई ब्लड प्रेशर, हृदय रोग, डिप्रेशन और एंग्जायटी जैसी समस्याएं बढ़ सकती हैं।
नींद की कमी: देर रात तक मोबाइल चलाना, वेब सीरीज देखना या काम करना आज आम बात बन चुकी है। पर्याप्त नींद न मिलने से शरीर को खुद को रिपेयर करने का समय नहीं मिलता। लगातार कम नींद लेने से इम्यूनिटी कमजोर हो सकती है, वजन बढ़ सकता है और डायबिटीज़ व हाई ब्लड प्रेशर जैसी बीमारियों का खतरा भी बढ़ जाता है।
फास्ट फूड और प्रोसेस्ड फूड संस्कृति: व्यस्त जीवनशैली के कारण लोग घर के ताजे भोजन की जगह फास्ट फूड, पैकेज्ड स्नैक्स और शुगर युक्त पेय पदार्थों का अधिक सेवन करने लगे हैं। इनमें अक्सर अधिक मात्रा में नमक, चीनी और अस्वास्थ्यकर वसा होती है, जो मोटापा, कोलेस्ट्रॉल बढ़ने, हृदय रोग और मधुमेह जैसी समस्याओं को बढ़ावा देती हैं।
शारीरिक गतिविधि की कमी: आधुनिक जीवनशैली में लोगों की दिनचर्या काफी हद तक बैठे-बैठे रहने वाली हो गई है। ऑफिस, पढ़ाई या घर पर लंबे समय तक एक ही जगह बैठने से शरीर की कैलोरी खर्च नहीं हो पाती। नियमित व्यायाम की कमी मोटापा, जोड़ों के दर्द और मेटाबॉलिज्म से जुड़ी समस्याओं का कारण बनती है।
बढ़ता प्रदूषण: वायु, जल और ध्वनि प्रदूषण का असर भी लोगों के स्वास्थ्य पर पड़ रहा है। प्रदूषित हवा में लंबे समय तक रहने से श्वसन संबंधी रोग, फेफड़ों की समस्याएं और हृदय रोग का खतरा बढ़ सकता है। बड़े शहरों में यह समस्या और अधिक गंभीर होती जा रही है।
सोशल मीडिया और डिजिटल दबाव: सोशल मीडिया पर लगातार दूसरों की सफलता और जीवनशैली देखने से कई लोगों में तनाव, चिंता और आत्मविश्वास की कमी जैसी समस्याएं पैदा हो सकती हैं। डिजिटल दुनिया में लगातार जुड़े रहने से मानसिक स्वास्थ्य पर नकारात्मक प्रभाव पड़ता है और नींद की गुणवत्ता भी प्रभावित होती है।
नियमित स्वास्थ्य जांच न कराना: कई लोग तब तक डॉक्टर के पास नहीं जाते जब तक बीमारी गंभीर न हो जाए। डायबिटीज़, हाई BP और कोलेस्ट्रॉल जैसी कई लाइफस्टाइल बीमारियां शुरुआती चरण में बिना किसी स्पष्ट लक्षण के बढ़ती रहती हैं। समय पर जांच न कराने से बीमारी का पता देर से चलता है और जोखिम बढ़ जाता है। इन जीवनशैली बीमारियों से बचने के कुछ तरीके भी हैं। जो अगर कोई इनका पालन करे तो बच सकता है।
हरी सब्जियाँ, फल, अनाज और प्रोटीन शामिल करें। चीनी और तेल की मात्रा सीमित रखें। रोज़ कम से कम 30 मिनट पैदल चलें या योग करें। ऑफिस में लंबे समय तक न बैठें। ध्यान (Meditation) और प्राणायाम करें। सोशल मीडिया पर कम समय दें। साल में कम से कम एक बार ब्लड शुगर, BP और कोलेस्ट्रॉल टेस्ट कराएँ। रोज़ 7–8 घंटे की नींद लें। सोने और उठने का समय नियमित रखें।
भारत में आधुनिक जीवनशैली बीमारियों की क्या स्थिति है?
WHO की रिपोर्ट के अनुसार, भारत में हर साल लाखों मौतें डायबिटीज़, हार्ट डिज़ीज़ और हाई BP जैसी लाइफस्टाइल डिज़ीज़ की वजह से होती हैं। युवाओं (25–35 आयु वर्ग) में भी इन बीमारियों का खतरा तेजी से बढ़ रहा है। छोटे शहरों और कस्बों में भी फास्ट फूड और तनाव भरी लाइफस्टाइल के कारण ये समस्या बढ़ रही है।
जीवनशैली बीमारियां कोई एक दिन में नहीं होती बल्कि ये हमारी छोटी-छोटी आदतों का परिणाम होती हैं। अगर अभी से अपनी दिनचर्या में थोड़े बदलाव कर लें जैसे सही खानपान, नियमित व्यायाम, पर्याप्त नींद और तनाव पर नियंत्रण तो इन बीमारियों से काफी हद तक बच सकते हैं।
